ग्वालियर-चंबल अंचल के दतिया जिले के उनाव थाना अंतर्गत जनकपुर गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां टुल्लू मोटर चोरी के आरोप को लेकर उपजे विवाद के दौरान एक युवक पर कट्टे से गोली चलाने की वारदात हुई है। गनीमत रही कि इस घटना में युवक बाल-बाल बच गया और उसे कोई चोट नहीं आई।

चोरी के शक को लेकर शुरू हुआ था विवाद

जनकपुर निवासी 22 वर्षीय सत्यम यादव ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि करीब 10 दिन पहले उसके तीन टुल्लू पंप चोरी हो गए थे। गांव के ही फूल सिंह कुशवाहा को पहले भी दुरसड़ा थाना क्षेत्र में चोरी के एक मामले में पकड़ा जा चुका है। इसी संदेह के आधार पर सत्यम ने 3 सितंबर को फूल सिंह से पूछताछ की थी कि क्या उसने उनके टुल्लू चोरी किए हैं।

फरियादी सत्यम के अनुसार, शुक्रवार को सुबह करीब 11 बजे वह अपने दादा संतोष, चाचा अमित यादव और शिवा यादव के साथ गांव के हनुमान मंदिर के समीप बने प्रतीक्षालय में बैठा हुआ था। तभी वहां एक थार वाहन आकर रुका, जिसमें इकारा गांव के रहने वाले राजा गुर्जर, उसका पिता मोहर सिंह गुर्जर, चाचा जितू गुर्जर, चचेरा भाई राज गुर्जर, दीपेश परिहार, हिमांशु सेन और आदर्श सेन सवार होकर पहुंचे थे।

थार गाड़ी से उतरे और बरसाई गालियां

गाड़ी से उतरते ही सभी आरोपियों ने अभद्रता शुरू कर दी। उनका विरोध इस बात को लेकर था कि सत्यम ने फूल सिंह कुशवाहा पर मोटर चोरी का आरोप क्यों लगाया है। सत्यम और उसके परिजनों ने उन्हें समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन गुस्साए राजा गुर्जर, मोहर सिंह गुर्जर और दीपेश परिहार ने अपने पास मौजूद कट्टे निकाले और सत्यम पर फायर झोंक दिया।

अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि हमले में सत्यम पूरी तरह सुरक्षित बच गया। परिवार के अन्य सदस्यों द्वारा बीच-बचाव किए जाने पर आरोपी मौके से अपनी थार गाड़ी में बैठकर फरार हो गए। जाते-जाते आरोपियों ने धमकी दी कि यदि फूल सिंह से दोबारा कोई बात की गई, तो उसे जान से खत्म कर दिया जाएगा।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी

घटना के बाद पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। फरियादी सत्यम को गोली न लगने और किसी प्रकार की शारीरिक चोट न आने के कारण उसने अपना मेडिकल मुआयना कराने से इनकार कर दिया है।

उनाव थाना प्रभारी अंशुल अरोरा ने जानकारी दी है कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है और इस पूरी वारदात के सामने आए वीडियो की भी जांच की जा रही है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।