दतिया जिले के सरसई थाना क्षेत्र के धमना गांव में गुरुवार की रात एक युवक ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 42 वर्षीय ग्यादीन प्रजापति पुत्र मुन्नालाल प्रजापति के रूप में हुई है।

गणेश पंडाल में गए थे परिवार के लोग

यह पूरी घटना गुरुवार रात करीब 8 बजे की है। जब यह कदम उठाया गया, उस समय घर के बाकी सभी सदस्य गांव में ही सजे गणेश पंडाल में आरती में हिस्सा लेने के लिए गए हुए थे।

मां ने सबसे पहले देखा शव

मिली जानकारी के अनुसार, ग्यादीन ने घर के अंदर म्यार से रस्सी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। जब उनकी मां कपूरी वापस घर लौटीं, तो उन्होंने बेटे को फंदे पर लटका हुआ पाया। इसके तुरंत बाद परिवार के अन्य सदस्यों और पुलिस को इस घटना की सूचना दी गई।

स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से था जूझ रहा

परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, ग्यादीन मजदूरी का काम करके अपने परिवार का गुजारा करते थे। वे पिछले कुछ समय से शुगर, टीवी और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से परेशान चल रहे थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी के साथ-साथ दो बेटे और दो बेटियां भी हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही सरसई थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भांडेर अस्पताल भेज दिया गया है, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।