बीच सड़क पर खुला ट्रांसफार्मर
दतिया में भैरव मंदिर से भांडेरी फाटक और सेवढ़ा चुंगी की ओर जाने वाली रिंग रोड पर भदौरिया की खिड़की चौराहे के बीचों-बीच विद्युत वितरण ट्रांसफार्मर स्थापित है। यह ट्रांसफार्मर चारों तरफ से पूरी तरह खुला हुआ है और इसके आसपास से गुजरने वाले रास्तों पर मवेशियों का जमावड़ा लगा रहता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पूर्व में यहां करंट की चपेट में आने से कई मवेशियों की जान जा चुकी है।
रहवासियों और समिति का विरोध प्रदर्शन
इस खतरनाक स्थिति से परेशान होकर स्थानीय नागरिकों और काली माता मंदिर समिति के सदस्यों ने गुरुवार सुबह लगभग 10 बजे मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से इस डीपी को तुरंत सड़क के बीच से हटाकर किसी सुरक्षित स्थान पर लगवाने की पुरजोर मांग की है। इसके बाद जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन भी सौंपा गया है।
नवरात्रि में उमड़ती है भारी भीड़
मोहल्लेवासियों के अनुसार इसी चौराहे पर नवरात्रि के अवसर पर काली माता की प्रतिमा स्थापित की जाती है और यहां शहर का एक प्रमुख पंडाल सजता है। दर्शन के लिए यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में सड़क के बिल्कुल बीच में खुले तारों और ट्रांसफार्मर के कारण किसी भी समय कोई बड़ा हादसा होने का अंदेशा बना रहता है।
समिति के सदस्य दीनू साहू ने बताया कि पिछले साल भी मवेशियों की भिड़ंत के दौरान यहां बाल-बाल बड़ा हादसा टला था, लेकिन विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा।
साल 2024 से चक्कर काट रहे लोग
नागरिकों का कहना है कि इस ट्रांसफार्मर को हटाने के लिए वर्ष 2024 से लगातार कलेक्टर, नगर पालिका और बिजली कंपनी को लिखित आवेदन दिए जा रहे हैं। अधिकारियों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर भी समस्या से अवगत कराया गया है, इसके बावजूद अब तक इसे शिफ्ट नहीं किया गया है। रहवासियों ने चेतावनी दी है कि किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार करने के बजाय प्रशासन को तुरंत उचित कार्रवाई करनी चाहिए।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!