दतिया जिले के उनाव अंतर्गत आने वाले पठरा गांव में बिजली कंपनी की टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान बड़ी गड़बड़ी पकड़ी है। एक किसान के नाम पर वैध कनेक्शन तो एक ही था, लेकिन खेत के अलग-अलग हिस्सों में अवैध रूप से तीन मोटरें संचालित की जा रही थीं।

एक कनेक्शन पर चल रही थीं तीन मोटरें

रविवार को बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) मुकेश पटेल अपनी टीम के साथ पठरा गांव में नियमित निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान जब उन्होंने यशपाल गुर्जर के खेत के बिजली उपकरणों की जांच की, तो मौके पर तीन अलग-अलग स्थानों पर मोटरें चलती पाई गईं।

बिजली अमले ने नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए जब किसान को पेनल्टी और नियमों का हवाला दिया, तो स्थिति उलझ गई। किसान यशपाल गुर्जर ने जुर्माना राशि चुकाने से साफ मना कर दिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों से बहस करने लगा।

जेई के साथ अभद्रता और धमकी का आरोप

विवाद के दौरान किसान ने कथित तौर पर जेई मुकेश पटेल के साथ गाली-गलौज की और उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। स्थिति बिगड़ती देख बिजली टीम ने बिना देर किए सीधे थाने का रुख किया और पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी।

सरकारी काम में बाधा डालने और धमकाने की शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी किसान के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।

थाना प्रभारी अंशुल अरोरा ने बताया कि बिजली विभाग के अधिकारी की शिकायत पर यशपाल गुर्जर के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने और दुर्व्यवहार का मामला पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस अब इस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।