दतिया जिले में अपराधियों के खिलाफ रातभर चली कार्रवाई

अंचल में आपराधिक तत्वों पर लगाम कसने के उद्देश्य से दतिया पुलिस ने बीती रात शहर से लेकर ग्रामीण अंचल तक व्यापक स्तर पर कॉम्बिंग गश्त का अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल के मार्गदर्शन में उतारी गई विभिन्न टीमों ने जिलेभर में दबिश देकर उन आरोपियों को दबोचा जो काफी समय से पुलिस की पकड़ से बचते फिर रहे थे।

9 स्थाई वारंटी धरे गए, 59 गिरफ्तारी वारंट हुए तामील

इस विशेष रात्रि अभियान के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे 9 स्थाई वारंटियों को धर दबोचा। इसके अलावा विभिन्न मामलों में 59 गिरफ्तारी वारंट भी तामील कराए गए। पुलिस की इस मुस्तैदी से अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

जिला बदर, गुंडे और हिस्ट्रीशीटरों के घर पहुंची पुलिस

कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीमों ने 2 जिला बदर आरोपियों, 129 गुंडा तत्वों और 60 हिस्ट्रीशीटरों के रिहाइशी ठिकानों पर सीधे पहुंचकर उनकी वर्तमान गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन करने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की भी बारीकी से चेकिंग की गई।

सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए गश्ती दलों ने स्थानीय होटल, ढाबे, एटीएम बूथ और अन्य संवेदनशील इलाकों का भी औचक निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने आपराधिक रिकॉर्ड वाले व्यक्तियों को सख्त हिदायत दी कि वे भविष्य में किसी भी अवैध गतिविधि में संलिप्त न पाएं जाएं।

इस बड़े अभियान में जिले के तमाम राजपत्रित अधिकारी, सभी थाना प्रभारी और भारी पुलिस बल मैदानी स्तर पर सक्रिय रहा। पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून से खिलवाड़ करने वालों और फरार चल रहे अपराधियों के विरुद्ध इस प्रकार की सख्त कॉम्बिंग गश्त आगे भी लगातार जारी रखी जाएगी।