अंचल में शारदीय नवरात्रि पर्व का उल्लास इस बार देखते ही बन रहा है। दतिया शहर में रविवार से शुरू होने वाले इस पावन पर्व को लेकर तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। स्थानीय आयोजन समितियों द्वारा शहर में 70 से अधिक स्थानों पर भव्य पंडाल सजाए जा रहे हैं, जहां नौ दिनों तक माता की आराधना होगी।

डेढ़ से 10 फीट तक की प्रतिमाएं तैयार

पर्व को लेकर मूर्तिकारों की व्यस्तता भी काफी बढ़ गई है। शहर के विभिन्न हिस्सों में मूर्तिकार डेढ़ फीट से लेकर 10 फीट तक की आकर्षक प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। प्रतिमाओं की रंगाई-पुताई और सजावट का काम अब अंतिम चरण में पहुंच गया है, ताकि समय रहते इन्हें निर्धारित पंडालों तक पहुंचाया जा सके।

रिंग रोड पर सजेगा विजय काली का दरबार

शहर के प्रमुख आकर्षणों में रिंग रोड पर भदौरिया की खिड़की के पास विशेष आयोजन शामिल है। यहां खटीक समाज की ओर से विजय काली की भव्य प्रतिमा स्थापित की जा रही है, जो इस बार श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी।

विभिन्न मोहल्लों, चौराहों और कॉलोनियों में भी मां दुर्गा के स्वागत के लिए पंडाल सजकर तैयार हो चुके हैं। रविवार को घटस्थापना के साथ ही शहर के सभी देवी मंदिरों और पंडालों में भक्तों का तांता लगना शुरू हो जाएगा, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठेगा।