हाल ही में सागर में हुई जहरीली शराब की घटना के बाद शासन-प्रशासन हरकत में आ गया है। इसी क्रम में दतिया जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी और पुलिस विभाग ने गुरुवार को एक बड़ा और सख्त अभियान चलाया।
सेरसा कंजर डेरा में संयुक्त कार्रवाई
उनाव थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सेरसा कंजर डेरा में अवैध शराब बनाने कीू पुख्ता सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर आबकारी नियंत्रण कक्ष और दतिया-ब वृत्त प्रभारी अनिरुद्ध खानवलकर के नेतृत्व में एक संयुक्त दल का गठन किया गया।
इस संयुक्त कार्रवाई में एसडीओपी विनायक शुक्ला समेत भारी पुलिस बल और आबकारी अमला शामिल रहा। टीम ने डेरे पर अचानक दबिश देकर अवैध गतिविधियों का भंडाफोड़ किया।
हजारों लीटर लाहन और शराब नष्ट
दबिश के दौरान मौके पर 35 ड्रमों में भरकर रखा गया करीब 7 हजार लीटर गुड़ का लाहन बरामद हुआ, जिसे प्रशासनिक टीम ने तुरंत मौके पर ही नष्ट कर दिया। इसके अलावा, कार्रवाई के दौरान 1400 लीटर अवैध कच्ची हाथभट्टी शराब भी जब्त की गई।
कार्रवाई के दौरान अवैध शराब के निर्माण में प्रयुक्त होने वाली अन्य सामग्री और उपकरणों को भी तहस-नहस किया गया। इस पूरी कार्रवाई में जब्त और नष्ट की गई सामग्री का कुल बाजार मूल्य लगभग 13 लाख 58 हजार 700 रुपए आंका गया है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
इस मामले में आबकारी अधिनियम के प्रावधानों के तहत दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं और एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया गया है।
विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और विक्रय के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कदम उठाए जाएंगे।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!