दतिया जिले के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण और परिवहन के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। स्थानीय पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर औचक कार्रवाई करते हुए लगभग 60 हजार रुपए मूल्य के पटाखे बरामद किए हैं और मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया है।

घर में छिपाकर रखे गए थे पटाखे

इंदरगढ़ थाना प्रभारी गौरव शर्मा से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को मेहराम बाबा के समीप रहने वाले मुबारक खान के आवास पर अवैध रूप से आतिशबाजी सामग्री रखे होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस बल ने वहां दबिश दी।

मौके पर पहुंचने पर एक व्यक्ति पटाखों के कार्टूनों को ठिकाने लगाने का प्रयास कर रहा था, जिसकी पहचान मुबारक खान (34) के रूप में हुई। प्रशासनिक अनुमति या लाइसेंस प्रस्तुत न कर पाने के कारण पुलिस ने उसके घर से करीब 20 हजार रुपए कीमत के पटाखे जब्त कर लिए।

कार की डिग्गी और सीटों पर मिला आतिशबाजी का सामान

एक अन्य कार्रवाई नेतुआपुरा क्षेत्र में नर्सरी के पास अंजाम दी गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वहां लावारिस हालत में खड़ी एक बलेनो कार के भीतर भारी मात्रा में पटाखे रखे हुए हैं।

तलाशी के दौरान वाहन में मौजूद सौरभ साहू (22), जो भांडेर रोड इंदरगढ़ के निवासी हैं, तथा अतुल तोमर उर्फ सत्यम (21), जो ग्राम देलुआ के रहने वाले हैं, से पूछताछ की गई। कार की पिछली सीटों और डिग्गी की जांच करने पर वहां से लगभग 40 हजार रुपए के पटाखे मिले।

विस्फोटक अधिनियम के तहत दर्ज किया गया मामला

पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए बिना लाइसेंस के परिवहन की जा रही बलेनो कार और उसमें लदे पटाखों को जब्त कर लिया है। दोनों ही मामलों में आरोपियों के पास भंडारण या विक्रय संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए तीनों आरोपियों के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9ख के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। दोनों ही स्थानों से कुल मिलाकर लगभग 60 हजार रुपए का माल जप्त किया गया है।