दतिया जिले के गोदन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गोदन इमलिया गांव में स्थित बालिकदास आश्रम में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 52 वर्षीय इंदर सिंह यादव पुत्र अम्रत सिंह यादव के रूप में हुई है।

दोपहर में घर से निकले थे मृतक

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, इंदर सिंह यादव शनिवार की दोपहर करीब 12 बजे अपने घर से निकले थे। उन्होंने परिजनों को बताया था कि वे गोदन इमलिया स्थित बालिकदास आश्रम जा रहे हैं। उनका इस आश्रम में पहले से आना-जाना था और वे अक्सर वहां जाते रहते थे।

आश्रम में बेसुध मिले, अस्पताल में हुई पुष्टि

शनिवार शाम करीब 6 बजे आश्रम में मौजूद साधुओं ने इंदर सिंह को परिसर में बेसुध हालत में पड़े हुए देखा। इसकी सूचना तुरंत उनके परिजनों को दी गई। परिजन बिना देर किए उन्हें लेकर भांडेर अस्पताल पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस अचानक हुई घटना से मृतक के परिवार में गहरा शोक छा गया है। परिजनों ने बताया कि इंदर सिंह का केवल एक ही बेटा है। इस हादसे के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा

फिलहाल मौत के असली कारणों का अभी तक स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मौत की असल वजहों का खुलासा हो सकेगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।