अंचल के दतिया जिले से एक दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां सेंवढ़ा थाना क्षेत्र के सिरसा गांव में महज पांच हजार रुपये के मामूली लेन-देन को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने पिता-पुत्र पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। सोमवार दोपहर को हुई इस घटना का एक वीडियो मंगलवार को सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

फसल कटने के बाद भुगतान की बात पर हुआ था विवाद

घटना के संबंध में सिरसा निवासी 53 वर्षीय बिल्लू उर्फ अरुण कुमार तिवारी ने पुलिस को शिकायती ब्योरा दिया है। उनके अनुसार, सोमवार दोपहर करीब दो बजे वे अपने बेटे प्रदीप तिवारी के साथ घर के बाहर मौजूद थे। इसी दौरान गांव के रहने वाले नवल किशोर व्यास, उसका बेटा सत्यम व्यास, भतीजा सक्षम व्यास और अभिषेक व्यास वहां आ धमके।

यह चारों लोग धान की फसल में उपयोग के लिए उधार दिलाई गई कीटनाशक दवा के पांच हजार रुपये मांगने आए थे। जब फरियादी ने अपनी धान की फसल बिकने के बाद पूरा भुगतान करने की बात कही, तो आरोपी आग बबूला हो गए और देखते ही देखते गाली-गलौज करने लगे।

कट्टा निकालकर चलाई गईं गोलियां, बाल-बाल बचे

विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने उग्र रूप धारण कर लिया। फरियादी का आरोप है कि सक्षम व्यास ने अन्य साथियों को कट्टा-अधिया निकालकर गोली मारने के लिए उकसाया। इसके बाद नवल किशोर ने फायरिंग शुरू कर दी। पीड़ित पक्ष का दावा है कि एक गोली उसकी बाईं कनपटी को छूती हुई निकली और दूसरी सिर के ऊपर से गुजर गई, जिससे दोनों पिता-पुत्र की जान बाल-बाल बची।

अपनी जान बचाने के लिए घबराए पिता-पुत्र दौड़कर अपने घर के अंदर घुसे और छत पर जा पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने छत की तरफ भी गोलियां दागीं जो वहां की बाउंड्रीवॉल पर जाकर लगीं। इसके अलावा सक्षम और अभिषेक ने ईंट-पत्थर के टुकड़े फेंककर भी हमला किया। राहुल तिवारी और अनुज तिवारी को इस पूरी वारदात का प्रत्यक्षदर्शी बताया गया है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपीगण जान से मारने की खुली धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद से डमे-सहमे पिता-पुत्र घर के अंदर ही छिपे रहे। मंगलवार को इस घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

शिकायत मिलने पर पुलिस हरकत में आई। सेंवढ़ा की एसडीओपी दिव्या राजावत ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नामजद आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई व जांच शुरू कर दी गई है।