शादी का झांसा देकर तीन साल तक किया यौन शोषण

दतिया जिले में एक 28 वर्षीय महिला ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए पुलिस को बताया कि एक युवक ने उसे शादी का झांसा दिया और करीब तीन साल तक लगातार उसका शारीरिक शोषण किया। पीड़िता के अनुसार आरोपी ने उसे यह भरोसा दिया था कि वह न सिर्फ उससे विवाह करेगा बल्कि उसके दोनों बच्चों की जिम्मेदारी भी पूरी तरह उठाएगा।

महिला का आरोप है कि आरोपी के इन झांसों में आकर वह अपने बच्चों के साथ दतिया में उसके साथ रहने लगी थी। लेकिन जब पीड़िता ने युवक पर कानूनी रूप से कोर्ट मैरिज करने का दबाव बनाया, तो वह लगातार किसी न किसी बहाने से इस बात को टालता रहा।

मां की तबीयत का बहाना बनाकर हुआ फरार

मामला तब खुला जब आरोपी युवक अचानक अपनी मां की खराब तबीयत का बहाना बनाकर घर से निकला और फिर कभी वापस नहीं लौटा। पीड़िता ने जब उससे संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल फोन भी लगातार बंद मिला। ठगा महसूस होने के बाद महिला ने पुलिस की शरण ली।

रविवार को पीड़िता की थाने में दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दिलीप पंडित के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुट गई है।

काम के सिलसिले में हुई थी दोनों की मुलाकात

घटना के बारे में जानकारी देते हुए पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी करीब 12 वर्ष पूर्व हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। पति की शराब पीने की लत और आए दिन होने वाले घरेलू कलह के कारण वह करीब चार-पांच साल पहले अपने दोनों बच्चों को लेकर मायके आ गई थी।

मायके के बाद जब वह एक किराए के मकान में रहने लगी, उसी दौरान उसकी मुलाकात दिलीप पंडित से हुई जो पास ही में स्थित मोबाइल टॉवर पर काम करता था। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने उसे अपने प्रेम जाल में फंसाया और फिर दतिया लाकर किराए के मकान में रखने लगा।