इंदरगढ़ में हुई कोटवार संघ की बैठक
आजाद कोटवार कर्मचारी संघ भोपाल के आह्वान पर पूरे प्रदेश के साथ-साथ दतिया जिले में भी कोटवारों की काम बंद हड़ताल चल रही है। यह हड़ताल 22 अक्टूबर से शुरू हुई थी जो 28 अक्टूबर तक जारी रहेगी। इसी कड़ी में हड़ताल के दौरान कोटवारों की एक अहम जिला स्तरीय बैठक इंदरगढ़ में चंद्रमोहन बंशकार के निज निवास पर संपन्न हुई।
इस बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष जरदान सिंह परिहार ने की। बैठक में सभी कोटवारों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन को और अधिक तीव्र करने पर विमर्श किया और आगे की रूपरेखा तैयार की गई।
भोपाल में होने वाले सत्याग्रह की बनाई रणनीति
बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया गया कि आगामी 28 अक्टूबर को जिला अध्यक्ष जरदान सिंह परिहार के नेतृत्व में कोटवार संघ कलेक्ट्रेट पहुंचकर दतिया कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेगा। इसके पश्चात जिले के सभी कोटवार 30 अक्टूबर को श्रीधाम एक्सप्रेस के माध्यम से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।
भोपाल पहुंचकर ये सभी कर्मचारी 31 अक्टूबर को आयोजित होने वाले प्रांतीय कोटवार संघ के सत्याग्रह आंदोलन में हिस्सा लेंगे और अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में हुंकार भरेंगे।
जिलेभर के पदाधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में दतिया जिले के अंतर्गत आने वाली सभी तहसीलों के कोटवार और प्रमुख पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इनमें प्रांतीय कोषाध्यक्ष ताराचंद्र सोनी, जिला अध्यक्ष जरदान सिंह परिहार, जिला उपाध्यक्ष उमाशंकर और जिला कोषाध्यक्ष रामकुमार परिहार प्रमुख रूप से शामिल थे।
इसके अलावा भांडेर तहसील अध्यक्ष सूरज परिहार, दतिया तहसील अध्यक्ष विनय परिहार, बड़ौनी तहसील अध्यक्ष ब्रजेंद्र परिहार, सेवढ़ा तहसील अध्यक्ष रमेश, इंदरगढ़ तहसील अध्यक्ष रविंद्र परिहार तथा बसई तहसील अध्यक्ष अजब सिंह सहित कई अन्य कोटवार भी बैठक में मौजूद रहे।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!