दतिया में बिजली उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर सामने आई है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा शहर और आसपास के क्षेत्रों में बिजली लाइनों और सब स्टेशनों का रखरखाव कार्य किया जाना है, जिसके कारण शुक्रवार को कई इलाकों की बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।

विभिन्न फीडरों पर अलग-अलग समय पर होगा मेंटेनेंस

बिजली कंपनी के अधिकारियों के मुताबिक पोस्ट मानसून मेंटेनेंस के तहत 33/11 केवी सब स्टेशन के साथ-साथ 33 केवी और 11 केवी लाइनों की जरूरी मरम्मत की जाएगी। यह कार्य सुचारू विद्युत वितरण व्यवस्था बनाए रखने के लिए किया जा रहा है।

गोराघाट और डगरई फीडर पर यह रहेगा समय

मरम्मत कार्य के दौरान गोराघाट 33 केवी फीडर से जुड़े क्षेत्रों में सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक बिजली बंद रहेगी। इसी प्रकार डगरई फीडर पर सुबह 7 बजे से 11 बजे तक बिजली आपूर्ति ठप रहेगी।

इसके अलावा खोड़न, घुघसी, रिछारी और सोनागिर फीडर से जुड़े इलाकों में सुबह 9 बजे से 11 बजे तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा।

इन 11 केवी फीडरों के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र

कामद आबादी, गुजर्रा, पिपरआ कला, शास्त्रीनगर, मैंथाना, दुरसडा, गोराघाट, बेहरुका, भादोना, कोटरा, जिगना, ठाकुरपुर, कमरारी और हतलई सहित कई अन्य 11 केवी फीडरों पर सुबह 6 बजे से 11 बजे के बीच बिजली सप्लाई बंद रखी जाएगी।

विद्युत वितरण कंपनी ने स्पष्ट किया है कि कार्य की आवश्यकता को देखते हुए बिजली कटौती के समय में आंशिक बदलाव भी किया जा सकता है। कंपनी ने क्षेत्र के सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस रखरखाव अवधि के दौरान विभाग का सहयोग करें।