दतिया विधानसभा उपचुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। शुक्रवार को बड़ौनी कस्बे में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने वालों को सख्त चेतावनी दी।

सीमा पर बढ़ी चेकिंग, 15 लाख कैश जब्त

चुनाव आचार संहिता के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। इसी अभियान के तहत चिरुला थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक संदिग्ध फॉर्च्यूनर कार को रोका। तलाशी लेने पर वाहन से 15 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई।

पुलिस की पूछताछ में वाहन में सवार व्यक्ति इस बड़ी रकम के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। प्रारंभिक तौर पर उसने बताया कि यह राशि एक पेट्रोल पंप की दैनिक बिक्री की है।

फिलहाल, पुलिस बरामद नकदी के स्रोत, वाहन चालक द्वारा बताए गए पेट्रोल पंप और उसके बिक्री रिकॉर्ड की गहनता से जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।