दतिया जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने अवैध शराब और हथियारों के कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान चलाया है। पुलिस महकमे द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत जिले के कई संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ छापेमार कार्रवाई की गई, जिससे अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

12 थाना क्षेत्रों में की गई छापेमारी

पुलिस अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई जिले के कुल 12 थाना क्षेत्रों में अंजाम दी गई। इनमें जिगना, गोंदन, पंडोखर, उनाव, कोतवाली, लांच, बसई, भांडेर, सिविल लाइन, चिरूला, धीरपुरा और गोराघाट थाने शामिल हैं। पुलिस दलों ने कंजर डेरों के साथ-साथ होटलों, ढाबों और अन्य संभावित संदिग्ध स्थानों पर भी सघन जांच पड़ताल की।

इस व्यापक दबिश के दौरान पुलिस ने कुल 20 आबकारी प्रकरण दर्ज किए। कार्रवाई में लगभग 55 लीटर हाथ भट्टी की बनी देशी कच्ची शराब और देशी प्लेन मदिरा के 161 क्वार्टर बरामद किए गए, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।

उनाव में हथियार के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

अवैध शराब के अलावा पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ भी सफलता हासिल की है। उनाव थाना क्षेत्र के अंतर्गत मध्यप्रदेश-उत्तरप्रदेश सीमा पर झांसी रोड स्थित पहुज नदी के पास पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को दबोचा। पुलिस बल को देखकर युवक ने वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।

पकड़े गए युवक की पहचान कासिम अली (30) निवासी परासरी, उनाव के रूप में हुई है। जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो उसकी जींस की जेब से 32 बोर की एक देशी पिस्टल बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(b)(a) के तहत मामला पंजीबद्ध कर हथियार को जब्त कर लिया है।

आगे भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई

अवैध शराब के विक्रय, संग्रहण और परिवहन के साथ-साथ अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। - मंजीत सिंह, एएसपी