दतिया जिले के सेवढ़ा अनुभाग के अंतर्गत आने वाले इलाकों में पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में अवैध रूप से हो रहे रेत के परिवहन और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहनों पर लगाम लगाना था।
एसडीओपी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई सेवढ़ा के एसडीओपी अजय चनाना के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई। उनके नेतृत्व में इंदरगढ़ और थरेट थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से रात के समय वाहनों की संघन जांच की। पुलिस दल ने संदिग्ध गुजरने वाले वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों और नंबर प्लेट की बारीकी से पड़ताल की।
बिना नंबर प्लेट के वाहनों पर कटा चालान
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 11 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की। इनमें से अकेले इंदरगढ़ थाना क्षेत्र में 8 वाहनों के चालान काटे गए, जबकि थरेट पुलिस ने एक वाहन पर जुर्माना लगाया। इसके अलावा सेवढ़ा थाने की सीमा में भी दो ट्रैक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई दर्ज की गई।
अवैध रेत से भरा ट्रैक्टर पकड़ाया
जांच के दौरान पुलिस को एक बड़ी सफलता तब मिली जब बिना नंबर प्लेट का एक संदिग्ध ट्रैक्टर पकड़ा गया। जांच करने पर पता चला कि इस ट्रैक्टर में क्षमता से अधिक रेत ओवरलोड कर ले जाई जा रही थी। पुलिस ने तुरंत इस वाहन को जब्त कर थरेट थाने में सुरक्षित खड़ा करा दिया है।
पकड़े गए ओवरलोड रेत के ट्रैक्टर और इस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी खनिज विभाग को दे दी गई है, ताकि इस पर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ इस तरह के औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!