अंचल के दतिया जिले के चिरुला थाना क्षेत्र से दहेज प्रताड़ना और उत्पीड़न का एक नया मामला प्रकाश में आया है। यहाँ एक युवती के पिता ने ससुराल पक्ष पर शादी तय होने के महीनों बाद अतिरिक्त नकदी मांगने और मांग पूरी न होने पर रिश्ता तोड़ने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।
गोद भराई के वक्त तय हुई थी बीस लाख रुपए की राशि
फरियादी बृजेश यादव ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी खुशबू यादव का रिश्ता झांसी के शिवाजीनगर निवासी अनुपम यादव के साथ पक्का किया था। इस सिलसिले में गत 25 मई 2026 को हाईवे होटल में धूमधाम से गोद भराई की रस्म पूरी की गई थी। आरोप है कि इसी कार्यक्रम के दौरान वर पक्ष के लोगों ने विवाह समारोह के लिए 20 लाख रुपए तय किए थे, जिस पर दोनों परिवारों की सहमति बनी थी।
चार महीने बीतने के बाद अचानक बढ़ाई गई मांग
शिकायतकर्ता के अनुसार, गोद भराई संपन्न होने के लगभग चार महीने बाद वर अनुपम और उसके पिता देवेंद्र यादव सीधे उनके घर पहुंचे। यहाँ उन्होंने पहले से तयशुदा बीस लाख रुपए की रकम को नाकाफी बताते हुए दस लाख रुपए और देने की मांग रख दी। जब बृजेश यादव ने पूर्व में हुए समझौते का हवाला दिया, तो आरोपी अपनी जिद पर अड़े रहे और अतिरिक्त राशि न मिलने पर ब्याह न करने की बात कहकर चले गए।
दबंगों का शिकंजा यही नहीं रुका। आरोप है कि इसके बाद अनुपम और उसके पिता ने सीधे युवती के मोबाइल पर कॉल किया। उन्होंने खुशबू पर दबाव बनाया कि वह अपने पिता से कहकर शादी में दस लाख रुपए का इंतजाम करवाए, अन्यथा वे बारात लेकर नहीं आएंगे। इस मानसिक उत्पीड़न से पीड़ित परिवार गहरे संकट में है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू
फरियादी का कहना है कि गोद भराई की रस्म पूरी होने के बाद वे शादी के लिए मैरिज वाटिका, हलवाई और अन्य तमाम जरूरी साजो-सामान की बुकिंग भी पहले ही करा चुके हैं। अचानक आए इस गतिरोध से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा और तैयारियों पर पानीफिरता नजर आ रहा है।
इस संबंध में चिरुला थाना प्रभारी हिमांशु भार्गव ने जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की वैधानिक जांच शुरू कर दी गई है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!