दतिया जिले के स्थानीय निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों में रिक्त पड़े पदों को भरने के लिए उप-निर्वाचन 2026 की घोषणा कर दी गई है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा कार्यक्रम जारी किए जाने के बाद से ही संबधित क्षेत्रों में आचार संहिता प्रभावी हो गई है।
वार्ड-1 के पार्षद कल्लू कुशवाहा की हत्या के बाद खाली हुई थी सीट
दतिया नगरपालिका के वार्ड क्रमांक-1 के पार्षद कल्लू कुशवाहा की गत 31 मार्च को आपसी रंजिश के चलते दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद से यह पार्षद पद रिक्त चल रहा था। अब इस घटना के करीब छह महीने बीतने के बाद इस वार्ड में नए जनप्रतिनिधि के चयन के लिए मतदान कराया जाएगा।
सरपंच और पंच पदों पर भी होगा मतदान
नगरपालिका के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी उपचुनाव का बिगुल बज गया है। सेंवढ़ा जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत इटौंदा में निर्वाचित सरपंच के आकस्मिक निधन के कारण खाली हुए पद पर चुनाव होगा। इसके साथ ही भांडेर जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत लहार हवेली में अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद हटे सरपंच के पद पर भी नया चुनाव कराया जाएगा। इन दोनों पंचायतों में सरपंच पद के साथ-साथ रिक्त वार्ड पंचों के लिए भी वोट डाले जाएंगे।
जिलेभर की विभिन्न ग्राम पंचायतों में पंच के कुल 35 रिक्त पदों पर भी उप-निर्वाचन संपन्न कराया जाएगा। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में होने वाले इन चुनावों को लेकर प्रशासनिक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
इस प्रकार रहेगा चुनाव का पूरा शेड्यूल
निर्वाचन आयोग के तय कार्यक्रम के अनुसार इन सभी पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया 8 सितंबर से शुरू होगी। उम्मीदवार 15 सितंबर तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। इसके अगले दिन यानी 16 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।
प्रत्याशी 18 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक अपने नाम वापस ले सकेंगे और इसी दिन उम्मीदवारों को चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा।
तय कार्यक्रम के मुताबिक 29 सितंबर को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद आगामी 3 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से मतगणना शुरू होगी और चुनाव परिणामों की घोषणा की जाएगी।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!