ग्वालियर अंचल में इन दिनों अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके बावजूद कुछ युवा कानून की परवाह किए बिना सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ अपनी तस्वीरें साझा करने से बाज नहीं आ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरें
ताजा मामला डबरा क्षेत्र से सामने आया है, जहां दो अलग-अलग स्थानों के युवकों ने इंटरनेट मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन करते हुए फोटो पोस्ट किए। इन तस्वीरों के सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई और दोनों की तलाश शुरू कर दी गई है।
इन युवकों की हुई है पहचान
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वायरल फोटो में दिखने वाले एक युवक की पहचान अभिषेक बघेल के रूप में हुई है, जो डबरा देहात थाना क्षेत्र के अकबई गांव का रहने वाला है। वहीं, दूसरी तस्वीर गिजौर्रा थाना क्षेत्र के किटोरा गांव निवासी अंकेश बघेल की बताई जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी डबरा शहर में एक नाबालिग द्वारा राइफल लहराते हुए मारपीट का वीडियो वायरल हुआ था। उस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार बरामद किया था, लेकिन इसके बाद भी युवाओं में इसका खौफ नहीं दिख रहा है।
पुलिस अधिकारियों के निर्देश
डबरा के एसडीओपी सौरभ कुमार ने इस पूरे मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से इन दोनों युवकों की तस्वीरें पुलिस के संज्ञान में आई हैं। संबंधित थानों के प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे आरोपियों को जल्द से जल्द हिरासत में लें।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!