डबरा देहात पुलिस ने चार दिन पहले पठान बाबा दरगाह परिसर में मिले 25 वर्षीय साहिल खान की हत्या की गुत्थी को सुलझा लिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में मृतक के पुराने दोस्त हरीश जोशी को गिरफ्तार किया है।

आपसी विवाद में हुई हत्या

आरोपी हरीश जोशी ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि आपसी विवाद के चलते उसने साहिल का चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और मृतक साहिल की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

पठान बाबा दरगाह परिसर में मिला था शव

आपको बता दें कि 16 और 17 जुलाई की दरमियानी रात माल गोदाम स्थित पठान बाबा दरगाह परिसर में एक युवक का शव मिला था। पुलिस की जांच में मृतक की पहचान मोहन सिंह नगर निवासी साहिल खान पुत्र मुन्ना खान के रूप में हुई थी।

थाना प्रभारी आसिफ मिर्जा के निर्देशन में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों की मदद से मामले की तफ्तीश शुरू की। इसी दौरान संदेह के आधार पर हरीश जोशी को हिरासत में लिया गया।

चोरी के आरोपों से नाराज था आरोपी

एएसपी (देहात) जयराज कुबेर ने बताया कि साहिल और हरीश पिछले सात-आठ सालों से गहरे दोस्त थे। दोनों मंडी क्षेत्र में गुटखा बेचने का काम करते थे और साथ में छोटी-मोटी चोरियां भी करते थे। कई बार चोरी की घटनाओं में सिर्फ हरीश का नाम सामने आता था, जिससे वह साहिल से काफी नाराज चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, घटना की रात इसी विवाद के चलते दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। गुस्से में हरीश ने साहिल पर चाकू से हमला कर दिया और उसका गला रेत दिया। अत्यधिक खून बहने के कारण साहिल की मौके पर ही मौत हो गई।