अचानक निरीक्षण के दौरान सामने आया कब्जा
डबरा में तहसील गेट के पास स्थित दुकानों के संचालकों द्वारा सर्विस रोड पर अवैध कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। हाल ही में नियुक्त हुईं एसडीएम नवकिरण कौर जब इस मार्ग से गुजर रही थीं, तब उनकी नजर सड़क पर पसरे अतिक्रमण पर पड़ी। स्थिति को देखते ही उन्होंने अपना वाहन रुकवाया और मौके पर मौजूद दुकानदारों के सामने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
दुकानदारों और ठेले वालों को दी चेतावनी
पिछोर तिराहा से लेकर बल्ला के डेरा तक सर्विस रोड और मुख्य मार्ग पर दुकानदारों तथा ठेला चालकों ने कब्जा जमा रखा है। विशेषकर तहसील रोड के बाहर बाइक रिपेयरिंग का काम करने वाले दुकानदार सड़क तक गाड़ियां खड़ी कर देते हैं, जिससे आम नागरिकों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। एसडीएम ने स्पष्ट किया है कि रिपेयरिंग का सारा कार्य दुकान की सीमा के भीतर ही होना चाहिए।
नगर पालिका को दिए सख्त निर्देश
इस निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को भी दिशा-निर्देश जारी किए गए। एसडीएम ने नगर पालिका अमले से कहा कि केवल चालान काटकर औपचारिकता पूरी न की जाए, बल्कि सड़क पर कब्जा करने वालों का सामान जब्त करते हुए कठोर कानूनी कदम उठाए जाएं।
सर्विस रोड आम जनता और पैदल चलने वालों की सुविधा के लिए बनाई गई है, इस पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन की इस चेतावनी के बाद स्थानीय दुकानदारों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि यदि हिदायत के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो शहर के अन्य हिस्सों में भी इसी तरह का सख्त अभियान चलाकर व्यवस्था को सुधारा जाएगा।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!