बिजली विभाग के कार्यालय में हुआ सेवा सेतु शिविर का आयोजन

भितरवार रोड पर स्थित बिजली विभाग के डिवीजन कार्यालय में सोमवार को एक विशेष 'सेवा सेतु' शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य मकसद 'प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना' के बारे में नागरिकों को जागरूक करना और अधिक से अधिक पात्र लोगों तक इसका लाभ पहुंचाना था।

सोलर रूफटॉप और सब्सिडी को लेकर दी गई अहम जानकारी

आयोजित शिविर के दौरान शहर से पहुंचे नागरिकों को छतों पर सोलर रूफटॉप प्लांट लगाने की पूरी प्रक्रिया समझाई गई। उन्हें ऑनलाइन आवेदन करने के तरीके, मिलने वाली वित्तीय सहायता और बैंक लोन की सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।

शिविर में विभाग द्वारा तकनीकी सहायता प्रदान करते हुए तुरंत ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान मौके पर ही तीन उपभोक्ताओं, जिनमें लक्ष्मी गुप्ता, नीतू जैन और सुरेश कुमार शामिल हैं, का सफलतापवूर्क पंजीयन कराया गया।

योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी और फायदों की जानकारी

बिजली कंपनी के जेई आसुतोष चौधरी ने योजना के लाभ समझाते हुए बताया कि यह केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके जरिए छतों पर सोलर पैनल लगाए जाते हैं। इस योजना के माध्यम से नागरिकों को हर महीने 300 यूनिट तक बिजली बिल्कुल मुफ्त मिलती है।

जेई आसुतोष चौधरी ने आगे बताया कि यदि उपभोक्ता अपनी खपत से ज्यादा बिजली बनाते हैं, तो वे उसे पावर ग्रिड को बेचकर अतिरिक्त आमदनी भी कमा सकते हैं। योजना के नियमों के अनुसार 1 किलोवाट का प्लांट लगाने पर 30 हजार रुपए, 2 किलोवाट पर 60 हजार रुपए और 3 किलोवाट या उससे ज्यादा क्षमता होने पर 78 हजार रुपए की सब्सिडी दी जाती है।