ग्वालियर अंचल के भितरवार इलाके में जमीन से जुड़े विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया है। केरूआ गांव में खेत पर पानी चलाने के दौरान पुरानी और जमीनी रंजिश के चलते चार बदमाशों ने मिलकर एक ही परिवार के तीन सदस्यों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में मां, बेटा और उनका भतीजा बुरी तरह लहूलुहान हो गए।

खेत पर पानी देने गए थे पीड़ित

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुन्नी बाई अपने बेटे भानु जाटव और भतीजे राजू जाटव के साथ शाम के समय अपने खेत पर पानी देने के लिए गई थीं। इसी दौरान गढ़ गांव के रहने वाले लाली सोलंकी, रविंद्र सोलंकी, पप्पू सोलंकी और जीतू सोलंकी वहां पहुंच गए। आरोपियों के पास हथियार और बंदूकें थीं, जिन्हें देखकर मौके पर तनाव फैल गया।

बंदूक की बट और लाठी-डंडों से हमला

देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो कुछ ही पलों में मारपीट में बदल गई। आरोप है कि चारों हमलावरों ने मिलकर मां, बेटे और भतीजे को लाठी-डंडों और बंदूकों के बट से बेरहमी से पीटा। इस ताबड़तोड़ हमले में तीनों घायलों को शरीर पर गंभीर चोटें आईं और वे मौके पर ही गिर पड़े।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और तुरंत भितरवार पुलिस को सूचना दी। पुलिस बल के गांव पहुंचने से पहले ही सभी आरोपी मौके से भाग निकले। पुलिस ने आनन-फानन में तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भितरवार पहुंचाया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें ग्वालियर रैफर कर दिया।

भितरवार थाना प्रभारी बलबीर सिंह मावई ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घायलों की शिकायत पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें फरार चल रहे आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।