डबरा क्षेत्र में इन दिनों नवरात्रि का पर्व पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शहर में विभिन्न स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाओं की स्थापना का दौर जारी है, जिसमें स्थानीय प्रसिद्ध मां महाकाली का आगमन मुख्य आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
परशुराम चौराहे से निकाली गई भव्य शोभायात्रा
शहर के परशुराम चौराहे से मां काली की यह विशाल शोभायात्रा प्रारंभ हुई। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यात्रा में आगे मां काली की आकर्षक प्रतिमा चल रही थी, जिसके पीछे करीब 500 महिलाएं और बालिकाएं सिर पर कलश धारण कर चल रही थीं।
इस दौरान एक लंबी चुनरी भी यात्रा के साथ आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। मार्ग में हर तरफ 'काली-काली जय महाकाली' के गगनभेदी जयकारे गूंजते रहे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
यातायात प्रभावित, लोगों ने छतों से किए दर्शन
शोभायात्रा के सुभाषगंज से जवाहरगंज मार्ग से गुजरने के दौरान कुछ समय के लिए यातायात थम गया। सड़क मार्ग पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा था, वहीं स्थानीय नागरिकों ने अपने घरों की छतों से मां के इस भव्य प्रवेश और शोभायात्रा के दर्शन किए।
यह यात्रा मीट मार्केट स्थित माता के निर्धारित झांकी स्थल पर पहुंची, जहां पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ मां महाकाली की प्रतिमा को विराजित करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
सुरक्षा और प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम
आयोजन समिति से जुड़े कपिल खटीक और धीरज खटीक ने जानकारी दी कि माता की प्रतिमा की स्थापना के बाद नौ दिनों तक विभिन्न व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चलाने के लिए वॉलंटियर्स तैनात रहेंगे। उन्होंने सफल आयोजन के लिए शहरवासियों से सहयोग की अपील भी की है।
कानून व्यवस्था और ट्रैफिक नियंत्रण बनाए रखने के लिए एसडीओपी सौरभ कुमार के मार्गदर्शन में शहर टीआई संजय शर्मा और देहात टीआई मिर्जा आसिफ बैग भारी पुलिस बल के साथ पूरी यात्रा के दौरान मुस्तैद रहे। पुलिस अधिकारियों ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात को सुचारू रखने की जिम्मेदारी खुद संभाली।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!