ग्वालियर जिले के डबरा शहर में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब स्थानीय महिलाएं एक शराब दुकान के विरोध में सड़कों पर उतर आईं। पिछोर तिराहा पर स्थित इस दुकान के कारण आए दिन हो रही परेशानियों से तंग आकर महिलाओं ने मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया और जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया।

महिलाओं और पुरुषों ने किया जमकर हंगामा

बुधवार शाम करीब 6 बजे शुरू हुए इस प्रदर्शन में लगभग 300 महिलाएं और पुरुष शराब दुकान के बाहर जमा हो गए। हालात की गंभीरता को देखते हुए शहर थाना प्रभारी संजय शर्मा तुरंत बल के साथ मौके पर पहुंचे और महिलाओं को समझाइश देकर सड़क से एक तरफ हटाया।

प्रशासनिक अमला और भारी पुलिस बल तैनात

हंगामे की सूचना मिलने के बाद एसडीएम नवकिरण कौर, एसडीओपी सौरभ कुमार, सर्कल के अन्य थानों के प्रभारी और आबकारी विभाग का अमला भी मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने भीड़ को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी महिलाएं अपनी इस मांग पर अड़ी रहीं कि दुकान को तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए।

ग्वालियर से बुलाई गई रिजर्व फोर्स

प्रदर्शन के दौरान बिगड़ते हालात को नियंत्रित करने के लिए ग्वालियर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जय राज कुबेर रिजर्व पुलिस बल के साथ डबरा पहुंचे। प्रशासन की टीम लगातार महिलाओं से संवाद स्थापित कर रही है और उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया जा रहा है।

विरोध कर रही महिलाओं का कहना है कि इस दुकान के संचालन से उनके परिवारों का माहौल खराब हो रहा है। घरों में कलह बढ़ रही है, पुरुष शराब के आदी हो चुके हैं और उनकी देखा-देखी बच्चे भी इस रास्ते पर जा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का यह भी तर्क है कि यहां शराब दुकान की जगह मंदिर का निर्माण किया जाना चाहिए, ताकि इलाके का माहौल सुधर सके।