सड़क हादसे में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल
डबरा-चिनौर रोड पर शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने बाइक पर सवार पति-पत्नी को जोरदार टक्कर मार दी। इस सड़क दुर्घटना में दोनों पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
भितरवार अनुविभाग के अंतर्गत आने वाले छीमक गांव के पास यह हादसा हुआ। ईटमा गांव के रहने वाले गजेंद्र दुबे अपनी पत्नी लक्ष्मी दुबे के साथ मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक को टक्कर दे मारी।
जिला पंचायत सदस्य ने दिखाई मानवीयता
टक्कर इतनी भीषण थी कि गजेंद्र दुबे और उनकी पत्नी लक्ष्मी सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। उसी दौरान वहां से गुजर रहे जिला पंचायत सदस्य सूर्यभान रावत ने घायलों को देखा और तुरंत अपनी गाड़ी रोक ली।
सूर्यभान रावत ने मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठाया और फौरन डबरा सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया।
हालत गंभीर होने पर ग्वालियर रेफर
डबरा सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया। फिलहाल ग्वालियर के अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है।
जिला पंचायत सदस्य सूर्यभान रावत ने लोगों से अपील की है कि सड़क हादसे के समय मदद के लिए जरूर आगे आएं, क्योंकि समय पर मिलने वाली सहायता से किसी की जान बचाई जा सकती है।
घटना के बाद से फरार चार पहिया वाहन और उसके चालक की तलाश स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!