त्योहारी सीजन के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई
डबरा में स्थानीय प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के साथ मिलकर खाद्य पदार्थों में मिलावट और अनियमित्ताओं के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। एसडीएम नवकिरण कौर के नेतृत्व में शुक्रवार को शहर की विभिन्न मिठाई दुकानों, मावा और नमकीन निर्माण इकाइयों का औचक निरीक्षण किया गया।
बिना लाइसेंस के चल रही थीं कई फैक्ट्रियां
जांच के दौरान टीम ने पाया कि लक्ष्मी कॉलोनी और बाथम कॉलोनी क्षेत्र में कई फैक्ट्रियां बिना वैध लाइसेंस के ही संचालित की जा रही थीं। एक फैक्ट्री जहां रेस्टोरेंट के लाइसेंस की आड़ में नमकीन का उत्पादन कर रही थी, वहीं दूसरी जगह पर भारी मात्रा में एक्सपायरी डेट का सामान भी बरामद किया गया।
कार्रवाई की शुरुआत करते हुए प्रशासनिक दल सबसे पहले जोधपुर मिष्ठान भंडार पहुंचा और वहां से मावा तथा मिठाई के नमूने एकत्र किए। इसके बाद ओम नमकीन भंडार से भी नमकीन के सैंपल लिए गए। आगे बढ़ते हुए लक्ष्मी कॉलोनी स्थित बिस्किट, नमकीन और मावा बनाने वाली फैक्ट्रियों पर भी दबिश दी गई।
लैब रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी वैधानिक कार्रवाई
प्रशासनिक टीम द्वारा कुल पांच प्रमुख फैक्ट्रियों और प्रतिष्ठानों से नमकीन, बिस्किट और मावा के नमूने सील किए गए हैं। इन सभी नमूनों को परीक्षण के लिए संबंधित प्रयोगशाला भेजा जा रहा है, ताकि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
त्योहारों के मद्देनजर आमजन को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान चलाया गया है। लैब से जांच रिपोर्ट आने के बाद अमानक पाए जाने वाले उत्पादों और बिना लाइसेंस के चल रही फैक्ट्रियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!