जंगीपुरा इलाके में देर रात हुई वारदात
ग्वालियर जिले के डबरा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले जंगीपुरा इलाके में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने घर लौट रहे युवक को रास्ते में घेर लिया और उस पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ प्रहार किए।
हनुमानगंज डांडा के पास की घटना
मिली जानकारी के अनुसार, जंगीपुरा निवासी अशफाक खान देर रात हनुमानगंज डांडा क्षेत्र से पैदल अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में घात लगाकर बैठे गुच्ची खान और उसके लगभग आधा दर्जन साथियों ने उसे अचानक रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी।
अशफाक का आरोप है कि मुख्य आरोपी गुच्ची खान ने उस पर धारदार हथियार से भी हमला किया, जिसके वार से वह मौके पर ही लहूलुहान होकर नीचे गिर गया।
पुलिस के पहुंचने से पहले भागे आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही डबरा थाना प्रभारी संजय शर्मा पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। हालांकि, पुलिस के आने की भनक लगते ही सभी हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब हो गए।
ग्वालियर रैफर किया गया घायल युवक
घटना के बाद परिजन लहूलुहान हालत में अशफाक को सीधे सिटी थाने लेकर पहुंचे, जहां से पुलिस ने उसे तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे ग्वालियर रैफर कर दिया है।
थाना प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि पीड़ित के बयानों के आधार पर गुच्ची खान और अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!