अग्रसेन चौराहे पर दिखा वकीलों का गुस्सा
ग्वालियर जिले के डबरा शहर में यातायात की बदहाल स्थिति से परेशान होकर अब वकीलों ने मोर्चा संभाल लिया है। शनिवार की रात शहर के व्यस्त अग्रसेन चौराहे पर जब लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, तो स्थानीय अभिभाषक संघ के सदस्य अपनी नाराजगी जताते हुए सड़क पर उतर आए।
अभिभाषक संघ के अध्यक्ष अरुण कुमार गौतम के नेतृत्व में एक दर्जन से अधिक वकील तुरंत मौके पर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने खुद मोर्चा संभालते हुए अलग-अलग दिशाओं में खड़े होकर करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात को सुचारू रूप से बहाल कराया।
प्रशासनिक लापरवाही और टीआई की कार्यप्रणाली पर सवाल
शहर में आए दिन मुख्य बाजारों में ट्रैफिक जाम लगना आम बात हो गई है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि ट्रैफिक पुलिस इस विकट समस्या को नियंत्रित करने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। इसी लचर व्यवस्था के कारण हाल ही में तीन दिन पूर्व एक युवक की सड़क हादसे में जान भी जा चुकी है।
वकीलों का कहना है कि शहर में ट्रैफिक सुधार के लिए भले ही निरीक्षक (टीआई) की पदस्थापना की गई हो, लेकिन उनका चेहरा शायद ही कभी बाजार में नजर आता है। पुलिस विभाग की इसी उदासीनता के कारण शहर की ट्रैफिक व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है।
अधिकारियों को चेतावनी, आंदोलन की चेतावनी
हमने इस गंभीर समस्या को लेकर पहले भी अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे थे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। ट्रैफिक टीआई कभी बाजार में नजर नहीं आते। आज जब शहर में जाम लगा तो हमें खुद सड़क पर उतरना पड़ा। अगर अब भी हालात नहीं सुधरे, तो आंदोलन ही एकमात्र विकल्प बचेगा।
यह बात अभिभाषक संघ के अध्यक्ष अरुण कुमार गौतम ने मौके पर कही। उन्होंने दो टूक शब्दों में चेताया है कि यदि स्थानीय प्रशासन और यातायात विभाग ने जल्द ही सुधारात्मक कदम नहीं उठाए, तोकी वकीलों द्वारा इस मुद्दे पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!