ग्वालियर जिले के भितरवार इलाके के मोहनगढ़ गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां घर के समीप स्थित मंदिर के पास खेल रही दो मासूम सगी बहनों के साथ एक स्थानीय युवक द्वारा अश्लील हरकत किए जाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। बच्चियों के शोर मचाने पर उनकी मां मौके पर पहुंची, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला।
लालच देकर गोद में उठाया और की गंदी हरकत
यह पूरी घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है। मोहनगढ़ निवासी चाचा-ताऊ की छह और सात वर्ष की दो मासूम बच्चियां अपने घर के बाहर बने मंदिर परिसर में खेल रही थीं। इसी दौरान गांव का रहने वाला भगवान सिंह बाथम वहां आ पहुंचा। आरोपी ने दोनों बच्चियों को नमकीन और बिस्कुट का प्रलोभन दिया और उन्हें अपनी गोद में उठाकर उनके साथ अश्लील हरकतें करना शुरू कर दिया।
मां की चीख-पुकार सुन भागा आरोपी, थाने पहुंचा परिवार
मासूम बच्चियां नासमझ थीं, लेकिन जब उनके साथ गलत हरकत की गई तो वे जोर-जोर से चिल्लाने लगीं। बच्चों की रोने और चिल्लाने की आवाज सुनकर उनकी मां तुरंत घर से बाहर निकली और दौड़कर मंदिर की तरफ आई। मां को अपनी तरफ आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया। इसके बाद परिजनों ने एकत्र होकर रात के समय ही भितरवार थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने दबोचा
घटना की गंभीरता को देखते हुए भितरवार एसडीओपी गगन हनवत और थाना प्रभारी बलबीर माबई ने तुरंत एक्शन लिया। पुलिस ने पीड़ित मां की शिकायत के आधार पर पॉक्सो एक्ट की सुसंगत धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मंगलवार सुबह आरोपी को गांव के पास स्थित एक खलिहान से धर दबोचा। पुलिस अब आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी कर रही है।
इस पूरे मामले पर एसडीओपी गगन हनवत ने जानकारी देते हुए बताया कि मोहनगढ़ में दो बच्चियों के साथ एक युवक द्वारा अश्लील हरकत करने की शिकायत मिली थी। पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर लिया और मंगलवार सुबह आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!