ग्वालियर जिले के डबरा अनुविभाग के अंतर्गत आने वाले लिधौरा गांव में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां सिंध नदी के किनारे बने एक मकान की दीवार अचानक भरभराकर नीचे गिर गई, जिसकी चपेट में आने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

सिंध नदी के किनारे स्थित है मकान

लिधौरा गांव निवासी लखन बाथम का आशियाना सिंध नदी के तट के पास ही बना हुआ है। शुक्रवार की शाम किसी समय उनके मकान की एक दीवार अचानक गिर गई। इस हादसे के वक्त 55 वर्षीय गणेशी बाई मलबे की चपेट में आ गईं और वहीं दब गईं।

दीवार गिरने की आवाज और मलबे के ढेर को देखकर आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर चीख-पुकार शुरू हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े और पुलिस को इस दुर्घटना की सूचना दी गई।

थाना प्रभारी ने दिखाई तत्परता

सूचना मिलते ही पिछोर थाना प्रभारी शिवम सिंह राजावत अपनी पुलिस टीम के साथ फौरन घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस बल ने स्थानीय लोगों के सहयोग से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और मलबे के नीचे दबी महिला गणेशी बाई को बाहर निकाला।

पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए घायल महिला को तुरंत डबरा के सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया।

पहले भी बाढ़ से प्रभावित रहा है इलाका

गौरतलब है कि लिधौरा गांव सिंध नदी के काफी करीब बसा हुआ है। साल 2021 में आई भीषण बाढ़ के दौरान यह पूरा गांव जलमग्न हो गया था। उस समय पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने बड़ी मशक्कत से ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया था।

वर्तमान में बरसात के मौसम के चलते सिंध नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और पानी का बहाव भी तेज है। इसे देखते हुए प्रशासन ने पहले ही नदी किनारे के मकानों में रहने वालों को सतर्क रहने के निर्देश दिए थे।

दीवार गिरने से महिला के घायल होने की सूचना पर हमारी टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी। महिला का इलाज अस्पताल में जारी है और प्रशासन के माध्यम से हरसंभव मदद दिलाई जाएगी। - शिवम सिंह राजावत, थाना प्रभारी