डबरा शहर के पिछोर तिराहा पर स्थित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। वार्ड नंबर 2 के सैकड़ों महिला और पुरुष सबसे पहले शराब दुकान के पास एकत्रित हुए। यहां तीखी नारेबाजी करने के बाद सभी ने एक रैली निकाली और सीधे तहसील कार्यालय पहुंचे, जहां वे एसडीएम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए।

तहसीलदार ने लिया ज्ञापन, फिर भी डटे रहे लोग

प्रदर्शन के दौरान लोग एसडीएम से खुद आकर मिलने की जिद पर अड़े हुए थे। हालांकि, एसडीएम नवकिरण कौर के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में व्यस्त होने के कारण वे तुरंत नहीं आ सकीं। स्थिति को संभालते हुए तहसीलदार नवीन भारद्वाज मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन लिया, लेकिन ज्ञापन सौंपने के बाद भी लोग धरने से नहीं उठे।

एसडीएम और एसडीओपी ने सुनी महिलाओं की बात

विरोध प्रदर्शन की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम नवकिरण कौर और एसडीओपी सौरभ कुमार खुद प्रदर्शनकारी महिलाओं के बीच पहुंचे। अधिकारियों ने महिलाओं से बातचीत की और उनकी समस्याएं ध्यान से सुनीं। यह पूरा विरोध प्रदर्शन वार्ड नंबर 2 के पार्षद लवलेश कैन के नेतृत्व में आयोजित किया गया था।

कॉलोनी के माहौल और बच्चों पर असर का आरोप

प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछोर तिराहा की इस शराब दुकान के कारण पूरी कॉलोनी का माहौल दूषित हो रहा है। उन्होंने बताया कि घर के पुरुष वहां शराब पीने जाते हैं, जिसे देखकर छोटे बच्चे भी इस लत की ओर आकर्षित हो रहे हैं। महिलाओं का यह भी कहना था कि दुकान के आसपास से लड़कियों का निकलना और पढ़ाई के लिए आना-जाना तक दूभर हो गया है।

नियमों के विरुद्ध है दुकान का संचालन: पार्षद

वार्ड 2 के पार्षद लवलेश कैन ने इस मौके पर कहा कि सरकारी प्रावधानों के अनुसार शराब की दुकान शहर की सीमा से बाहर होनी चाहिए, जबकि पिछोर तिराहा पर यह दुकान घनी आबादी और शहर के भीतर चलाई जा रही है। उन्होंने क्षेत्र की महिलाओं और युक्तियों को हो रही असुविधा का हवाला देते हुए बताया कि एसडीएम ने शाम को वार्ड में आकर लोगों से चर्चा करने और इस समस्या का उचित समाधान निकालने का आश्वासन दिया है।

एसडीएम बोलीं- जांच कर हटाई जाएगी अवैध दुकान

एसडीएम नवकिरण कौर ने इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पिछोर तिराहा की शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर महिलाएं उनसे मिलने आई थीं। उन्होंने बताया कि इस मामले को संज्ञान में ले लिया गया है और शाम को वार्ड में जाकर स्थानीय महिलाओं व निवासियों से चर्चा की जाएगी। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि यदि शराब दुकान अवैध रूप से संचालित पाई जाती है, तो उसे नियमानुसार अवश्य हटाया जाएगा।