काली माता मंदिर के पास मुख्य मार्ग पर फैला कीचड़
डबरा शहर के वार्ड क्रमांक 5 में जेल रोड पर काली माता मंदिर के नजदीक सड़क की बदहाली से स्थानीय निवासी खासे परेशान हैं। बारिश के चलते इस मोरम मार्ग की स्थिति काफी बिगड़ चुकी है और सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें पानी भरा रहता है।
प्रशासन द्वारा डाले गए पाइपों से और बढ़ी मुश्किलें
नगर पालिका प्रशासन द्वारा यहां से पानी निकासी के लिए पाइप डाले गए थे, जिसके कारण यह रास्ता और अधिक क्षतिग्रस्त हो गया। इस कीचड़युक्त रास्ते से गुजरने के दौरान कई वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो चुके हैं। इसके अलावा, छोटे बच्चों को स्कूल आने-जाने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नाराज वार्डवासियों ने बताया कि उन्होंने इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए बीते 9 तारीख को ही प्रशासनिक अधिकारियों को आवेदन सौंपा था। उस दौरान नगर पालिका ने रास्ते पर मोरम डालकर इसे आवागमन के योग्य बनाने का भरोसा दिया था, लेकिन पांच दिन से ज्यादा बीत जाने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।
आश्वासन के बाद खुला एक घंटे बाद जाम
आजाद समाज पार्टी के उपाध्यक्ष जिवलेश कुमार केन, अरुण तेज सिंह, रामहेत और रामचरण ने बताया कि बार-बार गुहार लगाने के बाद भी सुनवाई न होने के कारण ही उन्हें सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ा। यह मार्ग पिछोर, चीनोर और भितरवार जाने का मुख्य रास्ता है, जिससे भारी वाहन भी निकलते हैं। जाम के कारण राहगीरों को भी परेशानी हुई। लगभग एक घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद नगर पालिका के एचओ राजवीर राय मौके पर पहुंचे और उन्होंने लोगों को समझा-बुझाकर व जल्द समस्या का समाधान करने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!