ग्वालियर-चंबल अंचल के डबरा शहर में ऑनलाइन ठगी और धोखाधड़ी का एक नया मामला सामने आया है। यहां एक स्थानीय निवासी ने घर पर वाटर प्यूरीफायर (आरओ) लगवाने के दौरान बैंक खाते से हजारों रुपये की अवैध निकासी होने की आशंका जताई है। घटना को लेकर पीड़ित ने स्थानीय पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और न्याय की गुहार लगाई है।
अमरपुरा खेरी का मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला डबरा के वार्ड क्रमांक 5 स्थित अमरपुरा खेरी का है। यहां रहने वाले अनिल प्रजापति ने देहात थाने में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित के मुताबिक उसने अपने घर पर एक्वागार्ड का आरओ इंस्टॉल कराने के लिए कंपनी के अधिकृत कर्मचारियों को बुलाया था।
कर्मचारियों पर लगा ओटीपी लेने का आरोप
शिकायत में बताया गया है कि जब कंपनी के कर्मचारी आरओ लगाने पहुंचे, तो उन्होंने इंस्टॉलेशन प्रक्रिया के दौरान अनिल प्रजापति का मोबाइल फोन अपने हाथ में लिया। आरोप है कि इसी दौरान कर्मचारियों ने मोबाइल से कोई ओटीपी प्राप्त किया और उसे कहीं भेज दिया। इसके बाद कर्मचारी काम पूरा कर वहां से चले गए।
मोबाइल हुआ हैंग और उड़ ए पैसे
पीड़ित अनिल के अनुसार, कर्मचारियों के जाने के कुछ ही देर बाद उसका मोबाइल फोन अचानक हैंग होने लगा। इसके बाद रात के वक्त उसके मोबाइल पर बैंक खाते से नकदी कटने के संदेश आने लगे। पीड़ित को आशंका है कि उसके खाते से दो अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए हजारों रुपये की रकम निकाली गई है। घटना की जानकारी मिलते ही वह तुरंत देहात थाने पहुंचे।
इस संबंध में देहात थाना प्रभारी मिर्जा आसिफ बैग ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को आरओ इंस्टॉल करने आए कर्मचारियों द्वारा ओटीपी लेकर धोखाधड़ी करने की शिकायत मिली है। पुलिस ने पीड़ित के आवेदन को आधार बनाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!