अवैध शराब बिक्री से बिगड़ रहे थे हालात

ग्वालियर जिले के भितरवार थाना अंतर्गत आने वाले बाजना गांव में गुरुवार दोपहर को हालात उस समय तनावपूर्ण हो गए, जब 50 से अधिक महिलाएं ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ खुलकर सड़कों पर उतर आईं। महिलाओं ने विरोध जताते हुए हरसी-भितरवार मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं।

प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि गांव में करीब पांच अलग-अलग स्थानों पर खुलेआम अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। इस अवैध कारोबार के कारण गांव का माहौल लगातार खराब हो रहा है और आए दिन आपसी विवाद की स्थिति बनती रहती है।

घरेलू हिंसा और बच्चों की पढ़ाई पर असर

सड़क पर उतरी महिलाओं ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए बताया कि उनके पति शराब के नशे में घर आकर उनके साथ मारपीट करते हैं। नशे की लत पूरी करने के लिए घरों का जरूरी सामान तक बेचा जा रहा है, जिससे परिवारों की आर्थिक स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है।

महिलाओं ने यह भी चिंता जताई कि घर में इस तरह का माहौल रहने से बच्चों की पढ़ाई और उनके भविष्य पर बेहद बुरा असर पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस अवैध कारोबार पर तुरंत रोक लगाई जाए।

पुलिस अधिकारियों के भरोसे के बाद खुला जाम

सड़क जाम होने की सूचना मिलते ही भितरवार थाना प्रभारी महेंद्र प्रजापति पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित महिलाओं से चर्चा कर उनकी समस्याएं विस्तार से सुनीं और अवैध शराब के धंधे में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।

भितरवार एसडीओपी गगन हनवत ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि बाजना गांव में अवैध शराब बेचे जाने की शिकायत मिली थी। थाना प्रभारी को मौके पर भेजकर महिलाओं को समझाइश दी गई है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि अब गांव में अवैध शराब की बिक्री बिल्कुल न हो।