ग्वालियर जिले के डबरा क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। डबरा सिटी पुलिस ने दतिया रोड स्थित मंगरौरा तिराहे के पास दबिश देकर दो तस्करों को भारी मात्रा में गांजे के साथ दबोच लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस अवैध खेप को ओडिशा से मंगाया गया था।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

थाना प्रभारी संजय शर्मा को शुक्रवार सुबह एक गोपनीय सूचना मिली थी कि मंगरौरा तिराहे के पास दरगाह के निकट दो संदिग्ध युवक बड़े थैले लेकर किसी का इंतजार कर रहे हैं। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों युवकों को दबोच लिया।

तलाशी में मिला 13 किलो से ज्यादा गांजा

पुलिस हिरासत में लिए गए दोनों युवकों की पहचान गोलू सेन और कैलाश नामदेव के रूप में हुई है, जो डबरा के ही रहने वाले हैं। उनके पास मौजूद थैलों की तलाशी लेने पर उनमें गांजा भरा हुआ मिला। तौल कराने पर जब्त किए गए मादक पदार्थ का कुल वजन 13 किलो 128 ग्राम निकला, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत डेढ़ लाख रुपए आंकी गई है।

मुख्य सरगना की तलाश जारी

पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया कि वे डबरा निवासी पुष्पेंद्र साहू के लिए यह अवैध कारोबार करते हैं। उनके मुताबिक, पुष्पेंद्र ही ओडिशा से गांजा मंगवाता था और डबरा तथा आसपास के क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति करवाता था। पुलिस ने गोलू सेन, कैलाश नामदेव और फरार चल रहे पुष्पेंद्र साहू के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।

इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी संजय शर्मा के साथ सब इंस्पेक्टर जीत आर्यन शर्मा, प्रधान आरक्षक शिवशांत पांडे, दिनेश सिंह, आरक्षक शिवम पाल और दीपक रावत शामिल रहे। पुलिस अब फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।