डबरा शहर में बीती रात लगभग 12 बजे ओवरब्रिज के नीचे एक किराना दुकान के बाहर गंभीर वारदात सामने आई। दुकान के बाहर खड़े एक युवक पर अचानक चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित के गले और हाथों पर धारदार हथियार से वार किए गए।
दुकान पर तोड़फोड़ रोकने का विरोध करने पर भड़के आरोपी
घायल राहुल पाल ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि रवि जाटव नामक व्यक्ति दुकान पर तोड़फोड़ कर रहा था। जब उसने इस हरकत का विरोध किया, तो विवाद काफी बढ़ गया। आरोप है कि रवि ने अपने साथियों कैलाश, सुमित और राहुल को मौके पर बुला लिया और सभी ने मिलकर मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान रवि ने राहुल के गले पर और सुमित ने हाथों पर चाकू से वार कर दिए।
हमले के तुरंत बाद खून से लथपथ राहुल को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया।
रात में ही दर्ज हुआ हत्या के प्रयास का मुकदमा
वारतात की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संजय शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रात में ही चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस टीमों ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए उनके ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वे घर से फरार मिले।
12 घंटे के भीतर पुलिस के हत्थे चढ़े दो आरोपी
पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए त्वरित कार्रवाई की और घटना के महज 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी रवि जाटव और उसके पिता कैलाश जाटव को जवाहर गंज इलाके से धर दबोचा। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत के आदेश पर उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में नामजद अन्य दो फरार आरोपी सुमित और राहुल की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!