घाटमपुर गांव में वारदात

भितरवार थाना अंतर्गत घाटमपुर इलाके में बीती रात चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। यहां रहने वाले कथावाचक ज्ञानी भूषण शास्त्री के घर को चोरों ने अपना निशाना बनाया और लाखों रुपए के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया।

गेहूं की टंकी में छुपाकर रखे थे गहने

कथावाचक के घर से चोर करीब 14 तोले सोने के जेवरात ले उड़े, जिनकी कुल कीमत लगभग 20 लाख रुपए आंकी गई है। हैरानी की बात यह है कि ये सभी गहने घर के अंदर रखी गेहूं की टंकी के भीतर छिपाकर रखे गए थे।

चोरों ने विशेष रूप से गेहूं की टंकी का कुंडा तोड़ा और उसमें से लॉन्ग हार, छोटा हार, चूड़ियां, मंगलसूत्र, अंगूठी और कान के टॉप्स जैसे कीमती जेवर चुरा लिए। पुलिस का मानना है कि चोरों को इस बात की पुख्ता जानकारी थी कि जेवरात टंकी के अंदर ही रखे हैं।

आंगन में सो रहा था परिवार

घटना के समय पीड़ित परिवार रात को करीब 10 बजे घर के आंगन में सो रहा था। चोरों ने बाहर से सीढ़ी लगाई और मकान के अंदर प्रवेश किया। अगली सुबह करीब 6 बजे जब परिवार के सदस्यों की आंख खुली, तो कमरों में सामान बिखरा हुआ देखकर चोरी का पता चला।

पुलिस और फॉरेंसिक जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी गगन हनवत और थाना प्रभारी दीपेश चौहान पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्वालियर से फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में जुटी है।

स्थानीय पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और कुछ संदिग्धों को भी चिह्नित किया गया है। एसडीओपी हनवत ने मीडिया को जानकारी दी है कि पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।