पिछोर थाना इलाके के एक गांव में एक महिला के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने ही जीजा पर इस घिनौनी वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जीजा को गिरफ्तार कर लिया है।
खाना खाने आया था जीजा, वारदात को दिया अंजाम
जानकारी के अनुसार, आरोपी जीजा महिला के घर खाना खाने आया था। इसी दौरान उसने महिला के साथ दुष्कर्म किया। चौंकाने वाली बात यह है कि इस दौरान पीड़िता की सास भी घर पर ही मौजूद थी। घटना के बाद सास ने अपने बेटे को बुलाया, जिसके बाद आरोपी और उसके साले के बीच विवाद हो गया और मारपीट भी हुई।
महिला थाने में दर्ज हुई FIR, आरोपी गिरफ्तार
पीड़िता ने पिछोर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। महिला अधिकारी की अनुपस्थिति के चलते थाना प्रभारी शिवम राजावत ने पीड़िता को ग्वालियर महिला थाने भेजा। वहां महिला की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी वीरेंद्र बघेल, जो आलापुर, थाना सिरोल का रहने वाला है, पिछोर कस्बे में भागने की फिराक में है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी शिवम राजावत ने बताया कि पीड़िता के बयान के अनुसार, आरोपी जीजा ने खाना खाने के बहाने घर आकर दुष्कर्म किया। उस वक्त सास भी मौजूद थीं। उन्होंने बताया कि पीड़िता को महिला थाने भेजकर मामला दर्ज करा दिया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!