डबरा के पिछोर थाना क्षेत्र में रेत माफियाओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में, रेत माफियाओं ने थाने से रेत से भरा ट्रैक्टर निकालते हुए न केवल ओवरलोडिंग की, बल्कि खतरनाक स्टंटबाजी भी की। इस करतूत का वीडियो बनाकर उन्होंने सोशल मीडिया पर 'माफिया' बैकग्राउंड म्यूजिक के साथ पोस्ट कर दिया, जो तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पिछोर थाना परिसर के मुख्य द्वार से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत से भरी हुई बाहर निकल रही है। जैसे ही ट्रैक्टर सड़क पर आता है, चालक तेज रफ्तार में उसे एक तरफ झुकाकर खतरनाक स्टंट करने लगता है। रेत माफियाओं ने इस पूरे घटनाक्रम को फिल्माया और आपत्तिजनक गानों के साथ सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।
पिछोर थाना विवादों में घिरा
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछोर थाना क्षेत्र इन दिनों अवैध रेत खनन और परिवहन के कारण लगातार चर्चा में है। यहां आए दिन रेत माफियाओं के बीच ट्रैक्टर-ट्रॉली निकालने को लेकर गैंगवार और झगड़े होते रहते हैं। कुछ समय पहले रेत कंपनी के कर्मचारियों के बीच गोलीबारी की घटना भी सामने आ चुकी है, जिससे इलाके में भय का माहौल बना हुआ है।
पुलिस ने लगाया 55 हजार का जुर्माना
इस मामले में पुलिस का कहना है कि उक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवैध रेत परिवहन करते हुए पकड़ा गया था। वाहन पर 55 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था। जुर्माना राशि जमा करने के बाद ही बीते रोज ट्रैक्टर को थाने से छोड़ा गया था।
इस संबंध में डबरा एसडीओपी सौरभ कुमार ने बताया कि यह पूरा मामला संज्ञान में आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की जांच की जा रही है। वीडियो के आधार पर ट्रैक्टर चालक और इसमें शामिल अन्य लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!