डबरा शहर के स्थानीय इलाकों में आवारा मवेशियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला शहर की झूलेलाल कॉलोनी का है, जहां बीती रात दो सांड़ आपस में भिड़ गए। इस हिंसक झड़प के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनी जान बचाते नजर आए।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना

स्थ निवासी सोनू आहूजा के घर के सामने दो सांड अचानक उलझ पड़े। दोनों के बीच हुई इस जंग ने भयानक रूप ले लिया और वे सीधे मकान के मुख्य दरवाजे से जा टकराए, जिससे गेट पूरी तरह टूट गया। इतना ही नहीं, गली में खड़ी अन्य गाड़ियां भी इनकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गईं। इस दौरान वहां से गुजर रहे छोटे बच्चों ने बमुश्किल भागकर अपनी जान बचाई।

रहवासियों में गुस्सा, नगर पालिका पर लापरवाही का आरोप

इस घटना के बाद से स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि शहर में मवेशियों की संख्या लगातार बढ़ रही है और चौक-चौराहों पर सांडों की लड़ाई आम बात हो गई है। रहवासियों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका प्रशासन द्वारा आवारा जानवरों को पकड़ने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं, जिसके कारण उन्हें आए दिन खतरे का सामना करना पड़ता है।

पहले भी हो चुके हैं ऐसे गंभीर हादसे

कॉलोनीवासियों ने बताया कि इस तरह की घटनाएं पहले भी जानलेवा साबित हो चुकी हैं। कुछ समय पहले गीता टॉकीज क्षेत्र में एक आवारा सांड की टक्कर से एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके अलावा रामगढ़ रोड पर भी सांड के हमले में एक वृद्ध व्यक्ति की जान जा चुकी है, इसके बावजूद प्रशासन गंभीर नहीं दिख रहा है।

मामले को लेकर नगर पालिका की हाउसिंग ऑफिसर (HO) राजवीर राय ने सफाई देते हुए कहा है कि आवारा जानवरों पर लगाम कसने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जहां से भी मवेशियों के उत्पात की शिकायत मिलेगी, वहां तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़कर गौशाला भिजवाया जाएगा।