ग्वालियर-चंबल अंचल के डबरा सिविल अस्पताल में गुरुवार शाम उस वक्त तनाव की स्थिति बन गई, जब एक कैंसर पीड़ित महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया।

लापरवाही का आरोप लगाकर की हाथापाई

परिजनों का आरोप था कि ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक की लापरवाही के कारण मरीज की जान गई है। गुस्से में आए परिजनों ने डॉक्टर के साथ झूमाझटकी की और उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की।

डॉक्टर का पक्ष और एंबुलेंस का इंतजार

वहीं इस पूरे मामले पर ड्यूटी डॉक्टर धर्म सिंह ने अपना पक्ष रखते हुए बताया कि महिला गंभीर कैंसर रोग से पीड़ित थी। उन्होंने मरीज की स्थिति को देखते हुए तुरंत ग्वालियर रेफर करने के लिए पर्चा तैयार कर दिया था, लेकिन अस्पताल में एंबुलेंस के आने से पहले ही महिला ने दम तोड़ दिया।

पुलिस थाने पहुंचा मामला

घटना के बढ़ने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद विवाद दोनों पक्षों की ओर से थाने तक पहुंच गया।

ड्यूटी डॉक्टर धर्म सिंह ने थाने पहुंचकर सरकारी कार्य में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने का लिखित आवेदन दिया है। दूसरी ओर, मृत महिला के परिजनों ने भी डॉक्टर पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए अपनी शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।