डबरा के पिछोर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नहर रोड के पास खेतों में चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार शाम करीब 5 बजे पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर इस ठिकाने पर अचानक दबिश दी। पुलिस की गाड़ी को आते देख मौके पर हड़कंप मच गया और जुआ खेल रहे लोग खेतों की तरफ भाग खड़े हुए।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

जानकारी के अनुसार, पिछोर थाना प्रभारी शिवम सिंह राजावत को गुप्त सूचना मिली थी कि नहर रोड के किनारे खेतों के बीच बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। थाना प्रभारी ने तत्काल इसकी जानकारी डबरा एसडीओपी सौरभ कुमार को दी। इसके बाद पुलिस बल के साथ मौके पर घेराबंदी की गई, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही जुआरी भागने में सफल रहे।

मौके से जब्त हुए पांच वाहन, नंबरों से होगी पहचान

पुलिस को मौके से जुआरियों की चार मोटरसाइकिलें और एक इलेक्ट्रिक स्कूटी खड़ी मिली। जुआरी अपनी इन गाड़ियों को छोड़कर भाग गए थे। पुलिस ने इन सभी पांचों दोपहिया वाहनों को जब्त कर पिछोर थाना परिसर में खड़ा करवा दिया है।

थाना प्रभारी शिवम सिंह राजावत ने बताया कि जब्त किए गए वाहनों के नंबरों के आधार पर उनके मालिकों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और गाड़ियों के नंबरों के जरिए आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।