डबरा-ग्वालियर मार्ग पर स्थित एक कार वाशिंग सेंटर के बाहर रविवार दोपहर को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया। यहां तेज रफ्तार कार के चालक ने भारी लापरवाही बरतते हुए गाड़ी को सीधे बाहर खड़ी अन्य गाड़ियों में भिड़ा दिया। इस टक्कर के बाद दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ बेकाबू कार का तांडव
घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में यह पूरी दुर्घटना स्पष्ट रूप से कैद हो गई है। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि स्विफ्ट कार काफी ऊंची रफ्तार में थी और काफी दूरी से ही चालक का उस पर से नियंत्रण पूरी तरह छूट चुका था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
शिकायतकर्ता अरविंद कुमार गुप्ता ने पुलिस को दी जानकारी में बताया कि वाशिंग सेंटर पर स्विफ्ट कार (MP-07-AG-8842) और स्विफ्ट डिजायर कार (MP-07-ZM-3407) धुलाई के लिए लाई गई थीं और वहीं खड़ी थीं।
लापरवाह ड्राइविंग से हुआ भारी नुकसान
शिकायत के अनुसार, आरोपी पंकज शर्मा निवासी जवाहर कॉलोनी डबरा अपनी स्विफ्ट कार (क्रमांक MP-07-CC-4888) को बहुत तेज गति और लापरवाही से लेकर वहां पहुंचा और उसने दोनों खड़ी कारों को चपेट में ले लिया। इस टक्कर से न केवल गाड़ियां टूटीं, बल्कि दुकान की लिफ्ट मशीन और वैक्यूम क्लीनर को भी भारी क्षति पहुंची है।
हादसे के वक्त कार में कुल तीन लोग सवार थे। गनीमत यह रही कि वहां मौजूद कर्मचारी और वाहन साफ करवा रहे लोग बाल-बाल बच गए, वरना बड़ा जानी नुकसान हो सकता था।
बाल-बाल बचे लोग, पुलिस ने दर्ज किया मामला
मौके पर मौजूद रहे सत्येंद्र रावत ने बताया कि उनकी किस्मत बहुत अच्छी थी कि वे हादसे की चपेट में आने से बच गए, अन्यथा उनकी जान भी जा सकती थी क्योंकि गाड़ी बहुत तेज थी।
थाना प्रभारी संजय शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अनियंत्रित कार द्वारा दो वाहनों को टक्कर मारने के इस प्रकरण में पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। हादसे में घायल हुए चालक का इलाज फिलहाल जारी है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!