भितरवार क्षेत्र के धूमेश्वर मार्ग पर मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। आदिशक्ति स्कूल की एक बस छुट्टी के बाद बच्चों को उनके घर छोड़ने के लिए जा रही थी, तभी वह अचानक बेकाबू हो गई।

धान के खेत में जा पलटी बस

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त बस के अंदर 50 से अधिक स्कूली छात्र सवार थे। धूमेश्वर मार्ग पर रामबरन सिंह गुर्जर के मकान के पास बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित कांग्रेस नेता कोक सिंह गुर्जर के पानी से भरे धान के खेत में पलट गई।

वाहन के पलटते ही वाहन के भीतर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास खेतों और घरों में मौजूद ग्रामीण तुरंत दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।

ग्रामीणों ने दिखाई सूझबूझ

स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी बच्चों को वाहन से बाहर निकाला। कुछ बच्चों के नीचे दबे होने की आशंका के चलते लोगों ने मिलकर पूरी बस को सीधा किया। इस हादसे में लगभग छह बच्चों को चोटें आईं।

घटना की जानकारी मिलते ही एसडीओपी गगन हनवत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं अपने बच्चों की सलामती की खबर पाकर डरे-सहमे परिजन भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए और घायल बच्चों को उपचार के लिए ले गए।

जर्जर वाहनों के संचालन पर उठे सवाल

प्रत्यक्षदर्शी कोक सिंह गुर्जर ने आरोप लगाया कि दुर्घटनाग्रस्त बस की हालत काफी खराब थी और उसके टायर भी पूरी तरह घिसे हुए थे। उन्होंने कहा कि गनीमत यह रही कि बस कीचड़ और पानी भरे खेत में गिरी, अन्यथा पक्की सड़क पर पलटने से बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था।

क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस बस के फिटनेस और दस्तावेजों की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही स्कूली बच्चों की जान जोखिम में डालने वाले अनफिट वाहनों के संचालन पर सख्त कार्रवाई की जाए।