एक ही रात में चार दुकानों को बनाया निशाना
डबरा अनुविभाग के पिछोर थाना क्षेत्र में बीती रात चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए एक साथ चार दुकानों के ताले तोड़ दिए। चोर ने दुकानों के भीतर घुसकर नकदी और कीमती सामान समेट लिया, जिससे स्थानीय दुकानदारों में हड़कंप मच गया है।
गारमेंट शॉप से नकदी और कपड़े ले गया चोर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोर ने सबसे पहले शिवानी गारमेंट को अपना निशाना बनाया। वहां से वह 13 हजार रुपए नकद के अलावा पैंट और शर्ट चुरा ले गया। इसके बाद उसने एक फल की दुकान पर धावा बोला और वहां से फल तथा तंबाकू चुराए।
मिठाई खाई और सीसीटीवी में कैद हुई हरकत
चोरी की इस वारदात के दौरान आरोपी ने पास ही स्थित एक हलवाई की दुकान में घुसकर आराम से मिठाई भी खाई। इसके बाद एक प्रोविजन स्टोर से टोपियां भी चुरा लीं। चोर की यह तमाम हरकतें एक दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ-साफ कैद हो गईं।
पुलिस ने चंद घंटों में पकड़ा नाबालिग आरोपी
घटना की सूचना मिलने के बाद पिछोर थाना पुलिस हरकत में आई। पिछोर थाना प्रभारी शिवम सिंह राजावत ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी की पहचान कर ली और उसे धर दबोचा।
पुलिस द्वारा पकड़ा गया आरोपी नाबालिग निकला है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से चोरी गए सामान की बरामदगी कर ली गई है और उससे पूछताछ की जा रही है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!