खेतों में लगातार हो रही थी केबल चोरी
भितरवार के घाटमपुर इलाके में शुक्रवार को किसानों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली की केबल चोरी करने वाले दो युवकों को दबोच लिया। यह दोनों आरोपी रात के समय खेतों से मोटर की केबल और झटका मशीन चुराकर ले जाते थे और फिर दोपहर के वक्त तारों को जलाकर उनमें से तांबा अलग करते थे।
गुरुवार की रात किसान बृजेंद्र रावत के खेत से पानी की मोटर की केबल के अलावा जानवरों को रोकने के काम आने वाली झटका मशीन चोरी हुई थी। जब सुबह इस बात का पता चला, तो इलाके के अन्य किसानों के खेतों से भी इसी तरह मोटर की केबल गायब होने की बात सामने आई।
तार जलने की दुर्गंध से हुआ संदेह
शुक्रवार सुबह नौकर द्वारा सूचना दिए जाने के बाद बृजेंद्र रावत ने अन्य किसानों के साथ मिलकर भितरवार थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद दोपहर के वक्त जब बृजेंद्र अपनी बेटी को लेने शासकीय महाविद्यालय के पास जा रहे थे, तभी उन्हें खेतों की तरफ से जलते हुए प्लास्टिक और तारों की तेज दुर्गंध आई।
इलेक्ट्रॉनिक सामान का व्यापार करने की वजह से बृजेंद्र तुरंत समझ गए कि कोई तांबा निकालने के लिए तार जला रहा है। उन्होंने तुरंत बंटी रावत, सुरेंद्र रावत, सुनमान सिंह रावत और माधव बघेल जैसे अन्य ग्रामीणों को इकट्ठा किया और बदबू के स्रोत की तलाश करते हुए मौके पर पहुंच गए।
पुलिस हिरासत में दोनों आरोपी
ग्रामीणों ने पीपल के पेड़ के पास पहुंचकर अजय (20 वर्ष) और शैलेंद्र (21 वर्ष) नामक युवकों को रंगेहाथों तार जलाते हुए धर दबोचा। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद किसानों ने उन्हें जले हुए स्क्रैप सहित पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
भितरवार थाना प्रभारी बलबीर मवई ने जानकारी देते हुए बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा जाएगा। किसानों का कहना है कि क्षेत्र में इससे पहले भी कई मर्तबा इस तरह की चोरियां हो चुकी हैं।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!