डबरा में बिजली विभाग के दफ्तरों और उपकेंद्रों की तस्वीर गुरुवार को बदली हुई नजर आई। पिछले कुछ समय से दफ्तरों के आसपास गंदगी और झाड़ियां उग आई थीं, जिन्हें हटाने के लिए विभागीय अधिकारियों ने खुद पहल की।
अधिकारियों ने खुद संभाले फावड़े और झाड़ू
डीई विकास कुमार शुक्ला के नेतृत्व में एई, जेई और अन्य मैदानी अमले ने झाड़ू, कपड़ा, गैंती और फावड़े थाम लिए। करीब एक घंटे तक चले इस श्रमदान अभियान के दौरान कार्यालयों के कमरों से लेकर परिसर तक की पूरी तरह सफाई की गई।
नौ उपकेंद्रों पर एक साथ हुआ श्रमदान
यह विशेष सफाई अभियान ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत आयोजित किया गया। इसके तहत डबरा संभाग के डीई कार्यालय, गौमती पुरा कार्यालय, बस स्टैंड, डबरा गांव, लक्ष्मी कॉलोनी समेत कुल 9 सब स्टेशनों पर एक साथ स्वच्छता कार्य किया गया।
कर्मचारियों ने परिसरों में फैला कचरा समेटा, धूल साफ की और अनुपयोगी पड़ी सामग्री को हटाकर जगह को व्यवस्थित किया। इस दौरान एकत्रित कचरे का उचित निस्तारण भी सुनिश्चित किया गया।
उपभोक्ताओं ने की पहल की सराहना
दफ्तर पहुंचे आम उपभोक्ताओं ने जब अधिकारियों को श्रमदान करते देखा तो इस पहल की जमकर तारीफ की। उनका कहना था कि इस तरह के अभियानों से कार्यालयों में आने वाले लोगों को भी सकारात्मक अनुभव होता है।
अभियान के अंत में डीई विकास कुमार ने सभी कर्मचारियों को कार्यस्थल को हमेशा स्वच्छ रखने और स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि साफ-सुथरे माहौल से न सिर्फ कार्यक्षमता बढ़ती है, बल्कि दुर्घटनाओं का जोखिम भी कम होता है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!