ग्वालियर जिले के डबरा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के दौरे के समय राजनीतिक हलचल देखने को मिली। डबरा पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कई स्थानों पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। वार्ड 13 में पार्षद हीरा सरदार के नेतृत्व में कांग्रेस जनों ने पटवारी का स्वागत किया। इसके अलावा वे रामगढ़ रोड स्थित कुशवाहा समाज के छात्रावास में आयोजित सामाजिक कार्यक्रम में भी सम्मिलित हुए।
विरोध प्रदर्शन की आशंका से पुलिस ने की कार्रवाई
स्थानीय पुलिस प्रशासन को इस बात की गुप्त सूचना मिल चुकी थी कि फूले सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष कल्याण सिंह कुशवाहा अपने समर्थकों के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को काले झंडे दिखाने की योजना बना रहे हैं। इस बात की भनक लगते ही थाना प्रभारी संजय शर्मा ने उच्चाधिकारियों को सूचित किया। इसके बाद चीनौर थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पिछोर तिराहा पर मोर्चाबंदी कर दी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फूले सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष कल्याण सिंह कुशवाहा, शिव सिंह कुशवाहा, राजेंद्र सिंह कुशवाहा और राकेश सिंह कुशवाहा समेत कुल छह कार्यकर्ताओं को मौके से हिरासत में ले लिया। इन सभी को करीब दो घंटे तक पुलिस अभिरक्षा में रखा गया और जब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुरक्षित तरीके से डबरा सीमा से रवाना हो गए, तब उन्हें छोड़ा गया।
सामाजिक कार्यक्रम को राजनीतिक रंग देने से थी नाराजगी
फूले सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष कल्याण सिंह कुशवाहा ने विरोध का कारण स्पष्ट करते हुए बताया कि कुशवाहा समाज के छात्रावास के नए अध्यक्ष के रूप में सर्वसम्मति से सुग्रीव कुशवाहा का चयन किया गया था। उनकातर्क था कि यह कार्यक्रम पूरी तरह से सामाजिक था, इसलिए इसमें किसी राजनीतिक व्यक्ति को मुख्य अतिथि बनाने के बजाय समाज के ही किसी व्यक्ति को प्राथमिकता दी जानी चाहिए थी।
संगठन का आरोप था कि कार्यक्रम के आयोजकों ने मनमानी करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित कर लिया और पूरे आयोजन को राजनीतिक बैनर तले आयोजित कर दिया। इसी बात से आहत होकर फूले सेना के कार्यकर्ता विरोध दर्ज कराने के लिए आगे बढ़ रहे थे।
दौरे के दौरान मौजूद रहे कई दिग्गज नेता
विवाद और विरोध की इस सुगबुगाहट के बीच जीतू पटवारी ने छात्रावास के कार्यक्रम के पश्चात स्थानीय कार्यकर्ताओं के आवास पर जाकर उनसे व्यक्तिगत भेंट भी की। इस पूरे दौरे और बैठकों के दौरान उनके साथ राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव, डबरा विधायक सुरेश राजे और दतिया विधायक घनश्याम सिंह सहित कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!