ग्वालियर आंचल के भितरवार नगर में स्थित प्राचीन और आस्था के केंद्र खेड़ापति माता मंदिर में एक बार फिर चोरों ने धावा बोल दिया। गुरुवार रात असामाजिक तत्वों ने मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर अंदर रखे कीमती पीतल के घंटे चुरा लिए।

सुबह पूजा के समय चला चोरी का पता

घटना का खुलासा शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे हुआ, जब मंदिर के पुजारी श्याम महाराज रोजाना की तरह पूजा-अर्चना करने पहुंचे। उन्होंने मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ पाया और अंदर जाकर देखा तो लोहे की जंजीरों से बंधे करीब आधा दर्जन बड़े पीतल के घंटे गायब थे।

एक साल में तीसरी बार हुई वारदात

पुजारी श्याम महाराज ने जानकारी दी कि पिछले एक साल के अंतराल में मंदिर को चोरों ने तीसरी बार अपना निशाना बनाया है। हालांकि चोर बड़े घंटे तो साथ ले गए, लेकिन एक छोटा घंटा मंदिर परिसर में ही छोड़ गए। इस घटना के बाद स्थानीय श्रद्धालुओं में काफी रोष व्याप्त है।

नशेड़ियों के जमावड़े पर जताई आशंका

मंदिर में लगातार हो रही चोरियों से परेशान स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में अक्सर असमाजिक तत्वों और नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया है, लेकिन पुलिस की पकड़ से चोर अभी भी बाहर हैं।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

चोरी की सूचना मिलने पर भितरवार थाने के अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। थाना प्रभारी बलबीर मावई ने बताया कि मंदिर में चोरी की पुष्टि हुई है और पुलिस टीम हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर गहराई से जांच कर रही है, जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।